रायसेन: किसानों ने निकाली ट्रैक्टर महारैली, जमकर नारेबाजी की, पढ़ें किसानों की क्या है मांग

रायसेन। संयुक्त किसान मोर्चा दिल्ली के भारत बंद के आह्वान पर किसान जागृति संगठन ने शुक्रवार को रायसेन में भी किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ट्रैक्टर महारैली निकाली। राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने जय जवान-जय किसान के नारे भी लगाए। महारैली में बड़ी संख्या में किसान अपने – अपने ट्रैक्टर लेकर शामिल हुए थे। टै्रक्टर महारैली दशहरा मैदान से शुरू हुई और कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां डिप्टी कलेक्टर अभिषेक दुबे को राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

जमीन पर बैठकर जमकर नारेबाजी की

ज्ञापन लेने कलेक्टर अरविंद दुबे नहीं पहुंचे तो किसान जागृति संगठन प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र बाबू राय, प्रमुख इरफान जाफरी, जिलाध्यक्ष रंजीत यादव जमीन पर बैठकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। पहले डिप्टी कलेक्टर सरोज अग्निवंशी ज्ञापन लेने पहुंचीं। किसानों ने उन्हें ज्ञापन देने से मना कर दिया। किसान कलेक्टर को बुलाने की जिद पर अड़े रहे, फिर डिप्टी कलेक्टर अभिषेक दुबे, तहसीलदार नरेश सिंह राजपूत ने किसानों को बताया कि कलेक्टर साहब जिले के दौरे पर हैं, तब किसानों ने डिप्टी कलेक्टर दुबे को ज्ञापन दिया।

किसानों की हैं ये मांगें

मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव दौरान घोषणा पत्र में किसानों से भाजपा ने वादा किया था उनकी सरकार बनने पर देसी धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल, गेहूं 2700 रुपए प्रति क्विंटल खरीदी जाएगी। लेकिन किसानों को 1000 रुपए प्रति क्विंटल का नुकसान उठाना पड़ा। गेहूं 2275 रुपए प्रति क्विंटल में समर्थन मूल्य का पंजीयन कराने से किसानों को 425 रुपए प्रति क्विंटल का नुकसान हो रहा है। धान का 1000 रुपए और गेहूं का किसानों को 425 रुपए बोनस दिया जाए।

गोहरगंज तहसील के ग्राम मकोडिया में बेतवा-केन नदी पर सरकार से जल्द डैम बनाए जाए। इस डैम से रायसेन और विदिशा जिले के 200 गांवों में सिंचाई, रायसेन विदिशा सांची सहित अन्य कस्बों व गांव में पेयजल सप्लाई प्रस्तावित है। डैम जल्द बनने से बेतवा नदी किनारे के सैकड़ों गांवों को बाढ़ से बचाया जा सकेगा। भू-जलस्तर बढ़ेगा। इससे रायसेन-विदिशा जिले में हरित क्रांति आने से आर्थिक उन्नति भी होगी।

किसानों की सभा भी हुई

महारैली से पहले किसानों की सभा को किसान जागृति संगठन के प्रमुख इरफान जाफरी, प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र बाबू राय रज्जू भैय्या, संयुक्त किसान मोर्चा मध्यप्रदेश के नेता प्रहलाद दास बैरागी, बाबू सिंह राजपूत, मुकेश धाकड़, हेमत गुर्जर, तलत बेग मुज्जफर बेग अरवरिया, मतीन मोहम्मद खान, इजहाक अली सेमरा, किसान जागृति संगठन के जिलाध्यक्ष रंजीत यादव, हरनाम सिंह जाट बीदपुरा मेहबूब पटेल, राकेश चौकसे, चैन सिंह मीणा, डॉ टीका राम लोधी, जितेंद्र सिंह सेंगर, ब्रजेश बघेल, मतीन खान, पुरषोत्तम बघेल, भूरालाल लोधी, बसीर खान, रामस्वरूप राठौर, नारायण सिंह राजपूत, मोहम्मद यूनुस, रामराज्य यादव सहित अन्य किसान नेताओं ने संबोधित किया। सभा का संचालन संगठन के महासचिव रामस्वरूप राठौर ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *