राजनीति : जबलपुर के कांग्रेस महापौर जगत बहादुर सिंह भाजपा में शामिल, जानें और कौन ने छोड़ी कांग्रेस

भोपाल। लोकसभा चुनाव से पहले महाकौशल में कांग्रेस को झटके लगे है‍। बुधवार को भोपाल में भाजपा के प्रदेश कार्यालय में जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू ” ने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली। उन्होंने कहा कि जिस दिन कांग्रेस के बड़े नेताओं ने अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकराया, उस दिन मैं आहत हुआ था। उनके अलावा डिंडौरी के जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते ने चार पार्षदों के साथ केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के सामने भाजपा की सदस्यता ली है।

जबलपुर से कांग्रेस महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू भैया’ आधा दर्जन से ज्यादा बड़े नेताओं के साथ भाजपा में आए हैं। भोपाल में भाजपा के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की उपस्थिति में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा एक परिवार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और गृह मंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति से मध्य प्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश बनाने के लिए हम प्रयत्नशील है। अब कांग्रेस के मन में भी मोदी दिख रहा है। कांग्रेस में रहकर जनता की सेवा नहीं कर सकते। यही कारण है कि अन्नू भैया भाजपा में शामिल हो रहे हैं। वही, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि एक पार्टी परिवार को बढ़ा रही है, जबकि भाजपा परिवार को बढ़ाने का उदाहरण दे रही है। आज भाजपा का जीतना देश के लिए जरूरी हो गया है। आप लोग उसका ही हिस्सा बन रहे हैं। भाजपा का परिवार बढ़ता जा रहा। अब भाजपा ज्वाइन करने वाले वेटिंग में हैं।

अपनी विचारधारा बीजेपी से मिलती है

भाजपा में शामिल हुए नेताओं ने कहा कि वह भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर सदस्यता ले रहे हैं। जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह ने कहा कि भाजपा ज्वाइन करने के कई बड़े कारण हैं। जिस दिन कांग्रेस के बड़े नेताओं ने कहा कि हम अयोध्या नहीं जाएंगे, मैं बहुत आहत हुआ। भाजपा के विकास और पीएम मोदी की गारंटी को लेकर विचार भी कर रहा था। जबलपुर की उन्नति के लिए डबल इंजन के साथ तीसरा इंजन जोड़ना जरूरी था। मैं जिन लोगों के समर्थन से महापौर बना, उन सबका कहना था कि अपनी विचारधारा बीजेपी से मिलती है।

डिंडौरी से भाजपा में ये हुये शामिल

डिंडौरी में जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते, उपाध्यक्ष अंजू जितेंद्र ब्यौहार, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य हीरा रूदेश परस्ते ने भाजपा की सदस्यता ली है। नगर परिषद के पार्षद रजनीश राय, रितेश जैन, राजेश पाराशर, रूपाली जैन भी भाजपा में आए हैं। इसके अलावा जनपद पंचायत डिंडौरी की अध्यक्ष आशा धुर्वे, करंजिया जनपद की उपाध्यक्ष गीता पट्टा, डिंडौरी जनपद पंचायत सदस्य मोना हिरोंदे, शिवकुमारी नेताम, मालती तिवारी और पूर्व जनपद सदस्य गोकुल सिंह वाटिया और यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष रोशन पंद्राम ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। इस पर वीडी शर्मा ने कहा कि डिंडौरी कांग्रेस मुक्त हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *