मौसम बदला: जबलपुर, डिंडौरी, बालाघाट में ओले गिरे, शहडोल, छिंदवाड़ा में जोरदार बारिश

भोपाल। रविवार को मध्य प्रदेश में मौसम बदलने के साथ जबलपुर, बालाघाट, सिवनी, डिंडौरी जिले में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि हुई। इसके अलावा शहडोल, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, अनूपपुर जिले में भी शनिवार रात को बारिश हुई। अगले तीन दिन में प्रदेश में बादल छाए रहने और आंधी, बारिश के आसार हैं। डिंडौरी जिले के शहपुरा क्षेत्र के कई गांवों में मूसलाधार बारिश होने के साथ ही ओलावृष्टि हुई, करीब 20 मिनट बेर के आकार के ओले गिरे हैं। बताया जा रहा है कि इससे सब्जी की फसलें, खेतों में खड़ी चना, मसूर, गेहूं की फसलों को नुकसान हुआ है। जबलपुर जिले के बरगी क्षेत्र, सिवनी और मंडला में ओले गिरे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि जबलपुर और नर्मदापुरम के साथ ही अन्य जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। 14 फरवरी से फिर तेज ठंड पड़ सकती है, रात का तापमान दो से तीन डिग्री तक गिर सकता है। शनिवार रात को प्रदेश में सबसे कम तापमान दतिया में 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का सबसे ज्यादा तापमान सिवनी में 15.4 डिग्री सिवनी में रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *