गामिनी ने पांच नहीं, छह शावकों को जन्म दिया, आखिर गिनती में कैसे हुई गफलत

भोपाल। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता गामिनी ने 10 मार्च को पांच नहीं छह शावकों को जन्म दिया था, सोमवार को छठवां शावक नजर आया, जो घास होने के कारण नजर नहीं आया था अब कूनो पार्क में चीतों की संख्या 27 हो गई है, इनमें 14 शावक हैं।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने एक्स पर इसकी जानकारी दी। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा- गामिनी की विरासत आगे बढ़ी! खुशी का कोई अंत नहीं है, ये पांच नहीं, बल्कि छह शावक हैं। पांच शावकों के जन्म की खबर के एक हफ्ते बाद, अब पुष्टि हो गई है कि दक्षिण अफ्रीका से आई चीता गामिनी ने छह शावकों को जन्म दिया है। मादा चीता द्वारा छह बच्चों को जन्म देना एक रिकॉर्ड है।

दरअसल, 10 मार्च को मादा चीता गामिनी ने छह शावकों को जन्म दिया था, लेकिन घास होने के कारण एक शावक नजर नहीं आया था। सोमवार को निगरानी के दौरान टीम ने छह शावकों को देखा तो यह जानकारी लगी। बता दें 18 फरवरी 2023 को दूसरी खेप में दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों को कूनो नेशनल पार्क लाया गया था, इन12 चीतों में मादा चीता गामिनी भी थी। इन 12 चीतों को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा था। नर चीते पवन की तरह गामिनी भी कूनो की सीमा से बाहर चली जाती थी और कूनो नेशनल पार्क की टीमों के प्रयास से लौट आती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *