किसानों का दिल्ली कूच पर फैसला आज, केंद्र सरकार बोली-हम फिर बातचीत के लिए तैयार

नईदिल्ली/ पंजाब। अपनी मांगों को लेकर पिछले 16 दिन से पंजाब की शंभू और खनौरी सीमा पर किसान आंदोलन कर रहे हैं। किसान मजदूर संघर्ष समिति और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) की बुधवार को हुई बैठक में चर्चा की गई कि दिल्ली कूच का अंतिम फैसला गुरुवार को किया जाएगा। इधर, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि किसानों से केंद्र सरकार फिर बातचीत करने के लिए तैयार है।

अज्ञात लोगों पर हत्या का केस दर्ज

आंदोलन के दौरान शुभकरण की संदेहास्पद परिस्थिति में हुई मौत को लेकर पंजाब पुलिस ने पांतड़ां थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। किसानों व परिजनों के राजी होने के बाद रात 11 बजे शुभकरण के शव का पोस्टमार्टम किया गया। सुबह शव खनौरी सीमा ले जाया जाएगा। वहां श्रद्धांजलि देने के बाद पैतृक गांव में अंतिम संस्कार होगा। इससे पहले किसान हरियाणा पुलिस व गृह मंत्री अनिल विज पर एफआइआर दर्ज नहीं होने तक शुभकरण का अंतिम संस्कार नहीं करने पर अड़े थे। उधर, किसानों के आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस ने पंजाब और राजस्थान में प्रदर्शन किया। पंजाब में कई जगह ट्रैक्टर रैली निकाली गई।

केंद्र सरकार किसानों से बातचीत के लिए तैयार: मुंडा

इधर, केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने भारतीय कृ़षि अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) सोसायटी की वार्षिक बैठक में कहा कि सरकार विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों से बातचीज करने के लिए तैयार है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार व किसानों के बीच अब तक चार दौर की बातचीत हो चुकी है, पर कोई समाधान नहीं निकला। किसान फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली मार्च पर अड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *