इटारसी: पत्नी ने पति के कंधे पर चाकू घोंपकर कमरे में बंद किया, डॉक्टरों ने सर्जरी कर चाकू निकाला

इटारसी। पत्नी से पति द्वारा मारपीट करने, धारदार हथियारों से हमला करने के मामले आते रहते हैं, लेकिन इटारसी में एक महिला ने अपने पति के कंधे में चाकू घोंप दिया और कमरे में भी बंद कर दिया। खून से लथपथ पति को दो घंटे बाद कमरे से बाहर निकाला। अस्पताल में डॉक्टरों ने सर्जरी कर कंधे में फंसे चाकू को बाहर निकाला। पुलिस थाने में पति-पत्नी ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाते हुए शिकायत की है।

मामला, इटारसी की न्यास कॉलोनी का है। पुलिस के अनुसार न्यास कालोनी क्षेत्र में रहने वाले ग्राम ग्वाड़ी कला निवासी 26 वर्षीय रजत तोमर का पत्नी दुर्गा तोमर शुक्रवार को दोपहर ढाई बजे किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पति रजत का आरोप है कि पत्नी दुर्गा ने गुस्से में उसके कंधे पर चाकू मार दिया। कंधे से खून निकलने लगा, लेकिन पत्नी ने अस्पताल ले जाने की बजाय उसे कमरे में बंद कर दिया। वह दो घंटे तक कमरे में ही दर्द से तड़पता रहा। बाद में दरवाजा खुलने पर वह सिटी थाने पहुंचा, उसके साथ साथ पत्नी भी थाने पहुंची। दोनों ही एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगा रहे थे। इस दौरान रजत के कंधे पर चाकू फंसा रहा। देर शाम पुलिस द्वारा उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सर्जन डॉ. अर्पित त्रिवेदी, डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने ऑपरेशन कर चाकू को कंधे से बाहर निकाला। फिलहाल रजत अस्पताल में भर्ती है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *